लोक आस्था के महापर्व छठ की पूजा करने के लिए परदेसी भी अपने-अपने गांव पहुंच गए हैं। जिले के विभिन्न गांवों में सैकड़ों की संख्या में अमेरिका, यूरोप, खाड़ी देशों में रहनेवाले भारतीय अपने गांव पहुंचे हैं।

इसी क्रम में सोमवार को कुचायकोट प्रखंड के जलालपुर गांव में छठ पूजा करने के लिए अनुज जायसवाल की पत्नी प्रेमलता शर्मा पहुंचीं। वे अमेरिका में कंप्यूटर के क्षेत्र की डेल कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनके साथ छठ पूजा में शामिल होने के लिए बहन डॉ. नेहा व बहनोई डॉ. अनुराग जायसवाल जमशेदपुर से और सीमा शर्मा व अंगद जायसवाल हैदराबाद से पहुचे हैं।

बताया गया कि प्रेमलता शर्मा 2 वर्ष पूर्व जलालपुर गांव स्थित अपने भाई दीपक शर्मा के ससुराल अशोक कुमार व पप्पू कुमार के घर पहुंचीं थीं। उस वक्त उन्होंने छठी मइया से मनोकामना मांगी थी कि उनकी प्रार्थना पूरी होगी तो वे पुन: यहां आकर छठ की पूजा-अर्चना करेंगी। मनोकामना पूरी होने पर वह अपने रिश्तेदारों के साथ छठ करने के लिए अमेरिका से पहुंची हैं।

उन्होंने बताया कि छठी मइया से संतान होने की मनोकामना मांगी थी। छठी मइया की कृपा व आशीर्वाद से संतान की प्राप्ति हुई। इसलिए वे इस साल छठ पूजा करने पहुंची हैं। पूजा के लिए घर में कोशी भरने की तैयारी की गई है। साथ ही छठ घाट की साफ-सफाई भी कराई गई है।

साभार – हिंदुस्तान

Facebook Comments Box

Leave a Reply